रुड़की। हरिद्वार जिले के रुड़की में पिरान कलियर कांवड़ पटरी मार्ग पर शुक्रवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार चार मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह युवक गंभीर रूप से घायल
रुड़की। हरिद्वार जिले के रुड़की में पिरान कलियर कांवड़ पटरी मार्ग पर शुक्रवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार चार मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चारों मोटरसाइकिलों के बीच टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सभी बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पिरान कलियर और रुड़की सिविल लाइन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को 108 एंबुलेंस के जरिए रुड़की सिविल अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, छह घायलों का उपचार शुरू किया गया। इनमें से एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल मृतकों और घायलों की पहचान नहीं हो सकी है।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में चारों मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने की भिड़ंत होने की बात सामने आई है। हादसे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। हादसे की सूचना मृतकों और घायलों के परिजनों तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस दुर्घटना के कारणों के साथ-साथ घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल सकती है।





Leave a Comment
Your email address will not be published. Required fields are marked with *