एंबुलेंस को रास्ता देते समय खाई में गिरी कार, दो लोगों की मौत

एंबुलेंस को रास्ता देते समय खाई में गिरी कार, दो लोगों की मौत

चंपावत: जिले के पाटी ब्लॉक में कानाकोट के पास गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एंबुलेंस को रास्ता देने के दौरान एक कार अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई।

चंपावत: जिले के पाटी ब्लॉक में कानाकोट के पास गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एंबुलेंस को रास्ता देने के दौरान एक कार अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान विद्युत कर्मी कमल सिंह (50) पुत्र रघुवर सिंह निवासी कानाकोट और राजमिस्त्री बबलू चौधरी (38) पुत्र गंगा चौधरी निवासी वार्ड 18, बगही बकुलिया रतनपुर, थाना बैरिया बगाही, पश्चिमी चंपारण (बिहार) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार कार संख्या यूके 04 आर 6677 कानाकोट से लोहाघाट की ओर जा रही थी। कानाकोट के पास सामने से आ रही एंबुलेंस को रास्ता देने के दौरान चालक ने कार को सड़क किनारे किया, इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में उतरकर दोनों घायलों को बाहर निकाला और सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद दोनों को उपचार के लिए लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय ले जाया गया। हालांकि, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज राठी ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही दोनों की मौत हो चुकी थी।

बताया गया कि मृतक कमल सिंह ऊधम सिंह नगर जिले के लोहियाहेड पावर हाउस में विद्युत कर्मी के रूप में कार्यरत थे। उनके भवन निर्माण का कार्य चल रहा था और निर्माण सामग्री लेने के लिए वह राजमिस्त्री बबलू चौधरी के साथ लोहाघाट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया।

घटना की सूचना मिलने पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल और पूर्व शिक्षक नेता गोविंद सिंह बोरा समेत कई लोग लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय पहुंचे और घटना की जानकारी ली। सभी ने हादसे पर गहरा दुख जताया।

वहीं, एसडीएम लोहाघाट नीतू डांगर, पुलिस और राजस्व उप निरीक्षक ऋषभ कुमार भी अस्पताल पहुंचे। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

रेस्क्यू अभियान में जिला पंचायत सदस्य अशोक महरा, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि गिरिजेश सिंह, हरिश्चंद्र भट्ट, गिरीश चंद्र, पवन भट्ट, हिमांशु भट्ट, रमेश जोशी, आशीष भट्ट, गौरव भट्ट, वासुदेव भट्ट, दिनेश चंद्र भट्ट, अनिल भट्ट समेत अन्य ग्रामीणों ने सहयोग किया।

हादसे की खबर से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

universalnewspost
ADMINISTRATOR
PROFILE

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked with *

Latest Posts

Follow Us